मंगलवार, 14 दिसंबर 2010

निकला होगा चान्द ...

डॉ. राही मासूम रज़ा से क्षमा याचना सहित, आपकी खिदमत में अर्ज़ किया है:


हम सोबर* परदेस में, देस में घुटती होगी भांग।। हो ओ ओ...

हिन्दी कैद में बैठी रोवे, टूटे अंग्रेज़ी की टांग॥
हम सोबर परदेस में, देस में घुटती होगी भांग।। हो ओ ओ...

नेता मंच सजाकर बैठे, करते नूतन स्वांग॥
हम सोबर परदेस में, देस में घुटती होगी भांग।। हो ओ ओ...

रिश्वत बाबू धरना देते, पूरी कर दो मांग॥
हम सोबर परदेस में, देस में घुटती होगी भांग।। हो ओ ओ...

सत्यमेव जी दाब दिये हैं धर मिट्टी की ढांग॥
हम सोबर परदेस में, देस में घुटती होगी भांग।। हो ओ ओ...

मुर्गे कट के छिले तल गये, उल्लू देते बांग॥
हम सोबर परदेस में, देस में घुटती होगी भांग।। हो ओ ओ...

-=<*>=-
*सोबर = टुन्नात्मकता का व्युत्क्रमानुपाती
-=<*>=-

शुक्रवार, 10 दिसंबर 2010

महाकवि फत्ते के बेढंगे दोहे

बड़े बड़ाई ना तजें, मन में रहे फितूर
पंथी को छाया नहीं, फल लागे अति दूर।

चलता राही देख के, कउवा रहा हर्षाय
कपड़ों पर बीट की, जोरू पीटे दौड़ाय।

फत्ते सुमिरन ना करे दुख पाए दिन रात
जब भी गैस खत्म हो, खाये बासी भात।

बैठी चिड़िया डार पर, गाए अजब सा राग
सारे बटन नोच गई, दर्जी तक पहुँचो भाग।

फत्ते माला ना जपो, जीवे तुम्हरी हीर
रटते रटते चुप हुई, अंगुली गठिया पीर।